जोहानिसबर्ग। रंगभेद के खिलाफ लडऩे वाले दक्षिण अफ्रीका के
करिश्माई नेता नेल्सन मंडेला को अंतिम विदाई देने के लिए दुनिया के 90
देशों के राष्ट्राध्यक्ष यहां पहुंच रहे हैं। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के
नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल यहां भारत का नेतृत्व करेगा। इसमें सोनिया
गांधी, सुषमा स्वराज, केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा, सीपीएम नेता सीताराम
येचुरी, बीएसपी नेता सतीश मिश्रा शामिल हैं। मंडेला का गत 5 दिसंबर को लंबी
बीमारी के बाद निधन हो गया था। वे 95 वर्ष के थे।
दक्षिण अफ्रीकी सरकार के मुताबिक दुनियाभर के तकरीबन 90 देशों की
प्रतिष्ठित शख्सियतें मंडेला को श्रद्धांजलि देने के लिए इकट्ठा हो रही
हैँ। इनके अलावा हजारों की संख्या में आम जनता भी यहां मौजूद होगी।
जोहानिसबर्ग के फुटबॉल सिटी स्टेडियम में में मंडेला के पार्थिव शरीर को
आखिरी दर्शन के लिए रखा जाएगा। गौरतलब है कि इसी स्टेडियम में 2010 फुटबॉल
विश्वकप के दौरान मंडेला जनता के बीच देखे गए थे। चार घंटे तक चलने वाले
श्रद्धांजलि समारोह के लिए बुलेटप्रूफ कांच से ढंका खास स्टेज तैयार किया
गया है। बड़ी संख्या में लोगों के इकट्ठे होने के कारण स्टेडियम की सुरक्षा
के कड़े इंतजाम किए गए हैं। जोहानिसबर्ग पुलिस के मुताबिक स्टेडियम के
आस-पास हजारों की संख्या में सुरक्षा अधिकारी तैनात किए गए हैं।

No comments:
Post a Comment