मेलबर्न। ऑस्ट्रेलिया के दक्षिण-पूर्वी जंगलों में लगी आग से
20 घर जलकर राख हो गए हैं। तेजी से फैल रही आग से ऑस्ट्रेलिया के दूसरे
सबसे बड़े शहर मेलबर्न को खतरा पैदा हो गया है। विक्टोरिया स्टेट फायर
अथॉरिटी के मुताबिक 6000 से ज्यादा दमकलकर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हुए
हैं। इसे 2009 में लगी आग के बाद सबसे खराब स्थिति माना जा रहा है, जिसमें
173 लोगों की मौत हो गई थी। 7 फरवरी, 2009 को लगी आग में एक ही दिन में
2,000 से ज्यादा घर नष्ट हो गए थे और 414 लोग घायल हुए थे।
फायर कमिश्नर क्रैग लैप्सले के मुताबिक, आग इतनी ज्यादा तेजी से फैल
रही है कि उसपर नियंत्रण पाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने बताया कि 28
जगहों पर स्थिति काफी गंभीर है, जिनमें विक्टोरिया के कुछ हिस्से भी शामिल
हैं।
विक्टोरिया स्टेट प्रीमियर डेनिस नेप्थीन ने बताया कि आग से 20 घर जल
गए हैं और आग बुझने के बाद ही पूरे नुकसान का पता चल सकेगा। न्यू साउथ
वेल्स स्टेट में स्थानीय दमकल विभाग ने 50 स्थानों पर आग लगने की पुष्टि
की। दमकल विभाग के मुताबिक न्यू साउथ वेल्स में मेलबर्न और सिडनी को जोड़ने
वाले ह्यूम हाईवे को भी नुकसान पहुंचा है। आग के कारण हाईवे को बंद कर
दिया गया है, जिससे इन दोनों बड़े शहरों का सड़क संपर्क कट गया है। हालांकि
ऑस्ट्रेलिया के सबसे ज्यादा आबादी वाले राज्य न्यू साउथ वेल्स में अभी तक
किसी घर के जलने की खबर सामने नहीं आई है।

No comments:
Post a Comment